उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ‘मदरसा अघोषित तौर पर आतंकवादियों को पैदा करने की फ़ैक्ट्री’ है.
मदरसों को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है.
उपमुख्यमंत्री ने मदरसों की तुलना ‘आतंकवादियों को पैदा करने की फ़ैक्ट्री’ से करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिस पर विपक्ष ने तीखा हमला बोला है.
केशव प्रसाद मौर्य ने दावा करते हुए कहा है कि “यह वास्तविकता है कि भारत और बाहरी दुनिया के किसी भी हिस्से में आतंकी हमले मदरसों में दी जाने वाली शिक्षा का ही परिणाम हैं.”
उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा, “मदरसा चाहे भारत का हो, पाकिस्तान का या बांग्लादेश का, यह अघोषित तौर पर आतंकवादियों को पैदा करने की फ़ैक्ट्री है।”
उन्होंने कहा कि मदरसों से शिक्षा लेने वालों की सोच आतंकवादी जैसी हो जाती है और वे ‘भारत माता की जय’ या ‘वंदे मातरम’ नहीं बोलते.
उपमुख्यमंत्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा ऐतराज़ जताया है.
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कोई भी नेता ‘हिन्दू-मुस्लिम’ या ‘भारत-पाकिस्तान’ जैसे मुद्दों के बिना 10 मिनट भी बयान नहीं दे सकता.
धर्मेंद्र यादव ने भाजपा पर जनहित के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “नौजवानों के सामने परीक्षा और नौकरी का संकट है, चंदा चोरी का संकट है. लेकिन ये (बीजेपी नेता) इस पर चर्चा नहीं करेंगे.”