The Recent Story

अभिजीत दीपके ख़ुद भूख हड़ताल पर बैठे

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं.

पार्टी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के जरिए शनिवार सुबह इसकी जानकारी दी गई.

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा धरनास्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है.

शनिवार सुबह पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (एक्स) के माध्यम से इस बात की पुष्टि की गई.

​पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सीजेपी प्रमुख के अनशन पर बैठने के बावजूद, आगामी 20 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘चलो संसद’ मार्च के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा और यह तय रणनीति के तहत ही आगे बढ़ेगा.

अभिजीत दीपके ने खुद भी अपने व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट से इसकी जानकारी साझा की है.

​दूसरी तरफ, अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने एक बयान जारी किया है.

उन्होंने डॉक्टरों और प्रशासन से आग्रह किया है कि वांगचुक की मर्जी के खिलाफ उन्हें नसों (IV) या मुंह के जरिए जबरन कुछ भी न दिया जाए.

​इस बीच, नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और मेडिकल टीम की सलाह पर ही यह कदम उठाया गया है.

उन्होंने बताया कि वांगचुक का स्वास्थ्य लगातार गिर रहा था, जिसे देखते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना जरूरी था.

​गौरतलब है कि लद्दाख की विभिन्न मांगों को लेकर सोनम वांगचुक पिछले 28 जून से लगातार अनशन पर हैं और शनिवार को उनकी भूख हड़ताल का 21वां दिन है.