न्यूयॉर्क/तेल अवीव:
न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर ज़ोहरान ममदानी ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन की गिरफ्तारी को लेकर बयान दिया है.
न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर ज़ोहरान ममदानी द्वारा इसराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर दिए गए इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है.
उनके इस बयान पर इसराइल ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
ममदानी बोले— ‘नेतन्याहू युद्ध अपराधी हैं और उनका स्थान द हेग में है’
ममदानी ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पर निशाना साधते हुए कहा कि “नेतन्याहू सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क आते हैं, तो उनकी गिरफ़्तारी की संभावना पर उनका कार्यालय विचार कर रहा है.
न्यूयॉर्क टाइम्स के पॉडकास्ट ‘द इंटरव्यू’ में बात करते हुए मेयर ज़ोहरान ममदानी ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी किए गए अरेस्ट वारंट का हवाला दिया.
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू का स्थान द हेग (ICC का मुख्यालय) में है. वह एक युद्ध अपराधी हैं जिन पर अंतरराष्ट्रीय अदालत ने आरोप तय किए हैं.”
ममदानी ने आगे स्पष्ट किया कि उनका प्रशासन इस समय न्यूयॉर्क शहर के विधि विभाग (Law Department) के साथ “सक्रिय बातचीत” कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या स्थानीय स्तर पर न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) के पास किसी विदेशी शासनाध्यक्ष को हिरासत में लेने का कोई कानूनी अधिकार है.
हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा, “कानून हमें न्यूयॉर्क में जो कुछ भी करने की अनुमति देगा, हम वही करेंगे. हम इसके लिए अपने स्तर पर नए कानून नहीं बनाने जा रहे हैं.”
इसराइल का पलटवार: ‘ममदानी खुद हमास के समर्थक’
इसराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मेयर ममदानी के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन पर हमास का समर्थन करने का आरोप लगाया है.
एक रेडियो इंटरव्यू के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि वह इन धमकियों से बिल्कुल चिंतित नहीं हैं.
उन्होंने कहा, “ममदानी को यह देखना चाहिए कि वह किसकी निंदा कर रहे हैं और किसकी तारीफ. वह इसराइल की निंदा कर रहे हैं, जो अमेरिकी मूल्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहने वाला एकमात्र लोकतांत्रिक देश है.” नेतन्याहू ने यह भी आरोप लगाया कि ममदानी गुप्त रूप से अमेरिका से नफरत करते हैं.
वहीं, संयुक्त राष्ट्र (UN) में इसराइल के राजदूत डैनी डेनन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मेयर के बयान की कड़े शब्दों में आलोचना की.
डेनन ने कहा, “मेयर न्यूयॉर्क में यहूदी-विरोधी (Antisemitism) भावनाओं की बढ़ती लहर को रोकने और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के बजाय इसराइल पर हमला कर सुर्खियां बटोरने में लगे हैं.”
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू तय कार्यक्रम के अनुसार न्यूयॉर्क आएंगे और पूरे गौरव के साथ संयुक्त राष्ट्र में इसराइल का पक्ष रखेंगे. डेनन ने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी की गिरफ्तारी होनी चाहिए, तो वह खुद ममदानी हैं।.
क्या वास्तव में गिरफ्तार हो सकते हैं नेतन्याहू?
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, मेयर ममदानी की ओर से नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की कानूनी संभावना न के बराबर है. अमेरिका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के रोम कानून का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है, इसलिए वह ICC के वारंट को मानने के लिए बाध्य नहीं है. इसके अतिरिक्त, अमेरिकी संघीय कानून (Federal Law) के तहत स्थानीय या राज्य सरकारों को विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और राजनयिकों को गिरफ्तार करने या उन्हें दी गई राजनयिक छूट (Diplomatic Immunity) का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं है.
ग़ौरतलब है कि ICC ने गाजा सैन्य अभियान के दौरान युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों में बेंजामिन नेतन्याहू और इसराइल के पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ वारंट जारी किया था, जिसे इसराइल ने हमेशा से ‘झूठा और बेतुका’ करार दिया है.